वाराणसी : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही CM योगी के "बंटोगे तो कटोगे" बयान का किया समर्थन, कहा सपा की साइकिल कबाड़खाने...

 
Surya Pratap

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सोमवार को वाराणसी पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया।

बंटोगे तो कटोगे" का समर्थन, कांग्रेस पर आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के "बंटोगे तो कटोगे" बयान का समर्थन करते हुए शाही ने कहा कि देश का विभाजन इसी मानसिकता का परिणाम था और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस पर है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा अब कांग्रेस के साथ मिलकर अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है।

सपा पर देश को विभाजित करने की साजिश का आरोप

शाही ने कहा, "डॉ. राम मनोहर लोहिया ने 'जाति तोड़ो, समाज जोड़ो' का संदेश दिया था, लेकिन अब सपा कांग्रेस के साथ मिलकर देश को फिर से विभाजन की ओर धकेलने की साजिश कर रही है।"

सपा सरकार के दौरान "वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया" का आरोप

योगी सरकार की "वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट" योजना का उल्लेख करते हुए शाही ने कहा कि इसके विपरीत सपा शासनकाल में "वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया" का माहौल था। उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह और अखिलेश यादव के कार्यकाल में प्रदेश माफिया राज से त्रस्त था। अब इन माफियाओं का सफाया हो चुका है या वे जेल में हैं।

सपा की साइकिल कबाड़खाने जाएगी

उपचुनावों पर टिप्पणी करते हुए मंत्री शाही ने कहा कि जनता अब पीडीए गठबंधन की असलियत समझ चुकी है। सपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "इस बार सपा की साइकिल कबाड़खाने जाएगी। कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी को सपा ने केवल तीन सीटें दी हैं। यह पार्टी धोखा और फरेब की राजनीति करती है।"

रबी फसलों के लिए उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति

रबी फसलों के लिए उर्वरक आपूर्ति पर मंत्री शाही ने जानकारी दी कि प्रदेश में 3 लाख 72 हजार मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। अब तक 117 रैक उर्वरक पहुंचाए जा चुके हैं, जिनमें से 75 रैक की डिलीवरी हो चुकी है, और 42 रैक जल्द ही पहुंचेंगे। दिसंबर और जनवरी में भी जरूरत के अनुसार उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। निजी कंपनियों से 30% उर्वरक की उपलब्धता समितियों के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी।

Tags