Night Safari In UP : योगी सरकार देगी यूपी को 2026 में देश की पहली नाइट सफारी की सौगात

 
Night Safari

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश दिसंबर 2026 में देश को अपनी पहली नाइट सफारी का उपहार देगा। राजधानी लखनऊ में बनने वाली कुकरैल नाइट सफारी और जू परियोजना को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना दुनिया की पांचवीं नाइट सफारी होगी।

मुख्यमंत्री की बैठक और निर्देश

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने जून 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने और नाइट सफारी के लिए वन्यजीवों की व्यवस्था प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने 72% क्षेत्र में हरियाली विकसित करने और सौर ऊर्जा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

900 एकड़ क्षेत्र में फैलेगी नाइट सफारी

करीब 900 एकड़ में फैली इस परियोजना में नाइट और डे सफारी दोनों चरणबद्ध तरीके से तैयार होंगी। पर्यटकों को 5.5 किमी लंबा ट्रामवे और 1.92 किमी का पाथवे उपलब्ध होगा। नाइट सफारी में एशियाटिक लॉयन, बंगाल टाइगर, तेंदुआ, उड़न गिलहरी, और हायना जैसे वन्यजीव आकर्षण का केंद्र होंगे।

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित परियोजना

मुख्यमंत्री ने इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के लिए एक अनूठा गंतव्य बताते हुए कहा कि नाइट सफारी को लखनऊ के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाएगा। इसमें इको-टूरिज्म जोन, 7D थिएटर, एडवेंचर जोन, वेटनरी हॉस्पिटल, कैफेटेरिया और जंगल एनिमल थीम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

जू और सफारी की थीम

कुकरैल जू को "अफ्रीकन सवाना," "इनक्रेडिबल इंडिया," और "इंजीनियर्ड वेटलैंड" थीम पर विकसित किया जाएगा। इसमें 63 इनक्लोजर होंगे, जिनमें सारस क्रेन, हिमालयन भालू, अफ्रीकन जिराफ और चिंपाजी जैसे वन्यजीव शामिल होंगे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद लखनऊ एक विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा, जो देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

Tags